चंम्बा/मंजूर पठान -चम्बा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में एनुअल मेंटेनेंस प्लान के तहत चम्बा-तीसा मार्ग पर करीब एक करोड़ रुपये की लागत से नौ किलोमीटर सड़क पर टायरिंग का कार्य करवाया जा रहा है। इस कार्य के तहत अब तक छह किलोमीटर सड़क पर तारकोल बिछाने का काम पूरा हो चुका है, जबकि तीन किलोमीटर का कार्य शेष है। सड़क पर टायरिंग होने से जहां वाहन चालकों को बेहतर और आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी, वहीं लंबे समय से खराब पड़े सड़क के हिस्सों की हालत भी सुधरेगी। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ इस मार्ग से गुजरने वाले पर्यटकों और अन्य वाहन चालकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
चम्बा-तीसा मार्ग चुराह क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण सड़क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन आवाजाही करते हैं। सड़क के कई हिस्से लंबे समय से खराब हालत में थे, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब एनुअल मेंटेनेंस प्लान के तहत किए जा रहे टायरिंग कार्य से इन खराब हिस्सों को दुरुस्त किया जा रहा है। छह किलोमीटर कार्य पूरा होने के बाद अब विभाग शेष तीन किलोमीटर की टायरिंग जल्द पूरी करने में जुटा है। कार्य पूरा होने से सड़क की स्थिति में सुधार होगा और लोगों का सफर पहले से अधिक सुगम और सुरक्षित बन सकेगा।वहीं, लोक निर्माण विभाग मंडल तीसा के अधिशाषी अभियंता जोगिंदर कुमार ने बताया कि एनुअल मेंटेनेंस प्लान के तहत नौ किलोमीटर सड़क पर तारकोल बिछाया जा रहा है, जिस पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अभी तक छह किलोमीटर कार्य पूरा हो चुका है और शेष तीन किलोमीटर का कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
