नूरपुर में सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच की बैठक में उठीं मांगें, 70 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों को प्राथमिकता देने की अपील
नूरपुर, संजीव महाजन -:हिमाचल प्रदेश सरकार और हिमाचल पथ परिवहन निगम प्रबंधन के खिलाफ सेवानिवृत्त कर्मचारियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लंबे समय से लंबित वित्तीय लाभों और अन्य सुविधाओं का भुगतान न होने से नाराज हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच ने अब अपनी आवाज बुलंद की है। वीरवार को मंच के नूरपुर जोन की आयोजित बैठक में पेंशनरों ने सरकार और निगम प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की गुहार लगाई। बैठक में करीब 40 सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान सदस्यों ने कहा कि निगम से सेवानिवृत्त होने के बाद भी कर्मचारियों को अपने जायज हकों के लिए लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है। सरकार और निगम प्रबंधन की ओर से कई बार आश्वासन दिए गए, लेकिन धरातल पर समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। इससे पेंशनरों में भारी निराशा और रोष व्याप्त है।वक्ताओं ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (डीए) का एरियर, पेंशन से जुड़े वित्तीय लाभ और अन्य लंबित देनदारियां समय पर नहीं मिल रही हैं। इतना ही नहीं, कई कर्मचारियों के चिकित्सा बिल भी लंबे समय से भुगतान की प्रतीक्षा में हैं। उम्र के इस पड़ाव पर आर्थिक सहायता मिलने के बजाय बुजुर्ग पेंशनरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।मंच के सदस्यों ने विशेष रूप से 70 वर्ष से अधिक आयु के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जिन्होंने अपना पूरा जीवन निगम की सेवा में समर्पित कर दिया, उन्हें बुढ़ापे में आर्थिक संकट से गुजरने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन से मांग की गई कि सभी लंबित वित्तीय लाभों तथा चिकित्सा बिलों का जल्द भुगतान किया जाए। मंच के पदाधिकारियों ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि पेंशनरों की अनदेखी उचित नहीं है। सरकार को उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द राहत प्रदान करनी चाहिए, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानजनक जीवन जीने में परेशानी न हो।
