मंडी, धर्मवीर-। 17वीं बटालियन, द पंजाब रेजिमेंट (17 Punjab – Rab Rakha) का 64वां स्थापना दिवस 14 नवंबर 2026 को होटल B4U, नेरचौक स्थित डडोर बाईपास में उत्साह और गरिमामय माहौल के बीच मनाया गया। इस विशेष अवसर पर हिमाचल प्रदेश सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एकत्रित हुए और रेजिमेंट के गौरवशाली इतिहास एवं सैन्य परंपराओं को याद किया।समारोह में हवलदार भगत राम ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व सैनिकों के सामूहिक सहयोग से किया गया।
गौरतलब है कि 17 पंजाब रेजिमेंट की स्थापना 15 नवंबर 1962 को भारत-चीन युद्ध के दौरान मेरठ छावनी की भगत लाइन्स में हुई थी। वहीं, 18 मार्च 1969 को तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. जाकिर हुसैन ने बटालियन को Colours प्रदान किए थे। रेजिमेंट ने अपने गौरवशाली सफर में वीरता, अनुशासन, त्याग और राष्ट्रभक्ति की अनूठी मिसाल कायम की है।कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान रेजिमेंट के शौर्य, अदम्य साहस और गौरवशाली सैन्य इतिहास को याद करते हुए सभी ने देशसेवा के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।समारोह का विशेष आकर्षण मुख्य अतिथि हवलदार भगत राम ठाकुर का सम्मान रहा। उन्हें भारतीय सेना में 17 वर्ष और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में 23 वर्ष सहित कुल 40 वर्षों तक राष्ट्र की सेवा करने के लिए स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित पूर्व सैनिकों ने उनके लंबे सेवाकाल, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की सराहना की।इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल पुराने साथियों को एक मंच पर लाते हैं, बल्कि आपसी भाईचारे, एकता और संगठनात्मक मजबूती को भी बढ़ावा देते हैं।
