देश के 31 राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों के रजिस्ट्रार और प्रतिनिधि ले रहे हिस्सा, नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों पर होगी चर्चा
हमीरपुर, अरविंद-। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में शुक्रवार से रजिस्ट्रारों का दो दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्क्लेव शुरू हो गया। इसमें देशभर के 31 राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (एनआईटी) के रजिस्ट्रार और प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य संस्थानों में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, नियमों और विनियमों का बेहतर तरीके से क्रियान्वयन करने तथा कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए आपसी अनुभवों और विचारों का आदान-प्रदान करना है। दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में प्रशासनिक चुनौतियों, तनाव प्रबंधन, मुकदमेबाजी कम करने और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे।कॉन्क्लेव के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया जाएगा कि सरकारी नियमों और कानूनों की जानकारी होने के साथ-साथ उनका सही भावना से धरातल पर क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा संस्थानों में बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल एवं परिणामोन्मुखी बनाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श होगा।
एनआईटी हमीरपुर की रजिस्ट्रार अर्चना संतोष नानोटी ने बताया कि इस कॉन्क्लेव के माध्यम से सभी प्रतिभागियों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि कई बार नियमों के क्रियान्वयन के दौरान अलग-अलग तरह की व्यावहारिक समस्याएं सामने आती हैं। ऐसे में अधिकारी फोन या ऑनलाइन बैठकों के माध्यम से एक-दूसरे से चर्चा करते हैं, लेकिन आमने-सामने बैठकर विचार साझा करने से कई नए पहलू सामने आते हैं।उन्होंने बताया कि कॉन्क्लेव में सीसीएस (CCS), सीसीए (CCA) और आचरण नियमों से संबंधित सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही मुकदमेबाजी को कम करने, नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करने और प्रशासनिक कार्यों में आने वाली उलझनों का समाधान तलाशने पर भी चर्चा होगी। रजिस्ट्रार का पद काफी जिम्मेदारी वाला होता है। रजिस्ट्रार संस्थान के अभिलेखों का संरक्षक होने के साथ-साथ पूरे संस्थान के प्रशासनिक कामकाज की जिम्मेदारी भी संभालता है। ऐसे में कार्य के दबाव को देखते हुए तनाव प्रबंधन पर विशेष सत्र रखा गया है, ताकि अधिकारी अपनी कार्यक्षमता और प्रदर्शन को बेहतर बना सकें।
अर्चना संतोष नानोटी ने बताया कि कॉन्क्लेव के अगले दिन संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के विशेष संयुक्त सचिव भर्ती प्रक्रिया और रोस्टर से जुड़े विषयों पर व्याख्यान देंगे। इसके अलावा संवादपरक सत्रों में विभिन्न एनआईटी की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों (बेस्ट प्रैक्टिसेज) को साझा किया जाएगा। इसमें एनआईटी भोपाल, एनआईटी राउरकेला, एनआईटी मिजोरम और आईआईईएसटी शिबपुर सहित अन्य संस्थानों के अनुभवों पर चर्चा होगी। इससे अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे संस्थानों की चुनौतियों और उनके समाधान के तरीकों को समझने में मदद मिलेगी।उन्होंने कहा कि आईआईईएसटी शिबपुर जैसे पुराने संस्थानों के पास प्रशासनिक कार्यों का लंबा अनुभव है, जिससे अन्य संस्थान भी सीख सकते हैं। हर संस्थान की अपनी भौगोलिक परिस्थितियां और चुनौतियां हैं। ऐसे में एक-दूसरे की अच्छी कार्यप्रणालियों को अपनाकर नई और बेहतर व्यवस्थाएं विकसित की जा सकती हैं।उन्होंने बताया कि वर्ष 2007 में एनआईटी हमीरपुर में रजिस्ट्रार कॉन्क्लेव आयोजित हुआ था। इसके करीब 19 वर्ष बाद दोबारा इस आयोजन की मेजबानी करने का अवसर मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल भविष्य में भी जारी रहेगी और हर वर्ष किसी अन्य एनआईटी में इस तरह का कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा। इससे देशभर के संस्थानों के बीच समन्वय मजबूत होगा और प्रशासनिक व्यवस्था में निरंतर सुधार के नए रास्ते खुलेंगे।
