चिंतपूर्णी। राकेश। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में महिलाओं के सम्मान और सामाजिक संवेदनाओं से जुड़े कथित आपत्तिजनक बयान को लेकर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष एवं चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के इंजीनियर रामपाल ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू द्वारा विधानसभा में पाइप की तुलना विधवा महिला की टूटी हुई चूड़ियों से किए जाने संबंधी कथित बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस तरह की टिप्पणी महिलाओं की गरिमा और भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है।
रामपाल ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का एक गरिमामय मंदिर है, जहां प्रदेश की जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाती है। ऐसे प्रतिष्ठित सदन में जनप्रतिनिधियों को अपनी भाषा और शब्दों की मर्यादा का विशेष ध्यान रखना चाहिए। किसी तकनीकी या राजनीतिक विषय को समझाने के लिए महिलाओं, विशेषकर विधवा महिलाओं की सामाजिक और भावनात्मक स्थिति को उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि बहू-बेटियों का सम्मान भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों का अभिन्न हिस्सा है। विधवा महिलाओं की भावनाओं को राजनीतिक कटाक्ष या किसी उदाहरण का माध्यम बनाना किसी भी दृष्टि से स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। जनप्रतिनिधियों को अपने सार्वजनिक बयानों में समाज के सभी वर्गों क
रामपाल ने विधायक सुदर्शन सिंह बबलू से मांग की कि वे अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण दें। यदि उनके शब्दों से महिलाओं की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध और सत्ता पक्ष-विपक्ष के बीच बहस लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन राजनीतिक मतभेदों के बावजूद भाषा की मर्यादा और महिलाओं के सम्मान से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। रामपाल ने स्पष्ट किया कि महिलाओं का सम्मान किसी भी दल और राजनीति से ऊपर है तथा सभी जनप्रतिनिधियों को इस संबंध में अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।

