शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय दीपकमल, चक्कर में बूथ संख्या 112 के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सामूहिक रूप से सुना। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष कमलजीत सूद, प्रदेश मीडिया संयोजक करण नंदा, कार्यालय सचिव किरण बावा, प्रेम ठाकुर तथा बूथ कार्यकर्ता प्रभात, रवि सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के बाद संजीव कटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के माध्यम से नशे के खिलाफ जो संदेश दिया है, वह समाज और विशेषकर युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। हिमाचल प्रदेश में तेजी से फैलते चिट्टे और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सरकार को गंभीरता से काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है, क्योंकि नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़े बिना इस सामाजिक बुराई पर नियंत्रण पाना संभव नहीं है। सरकार को तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के साथ शिक्षण संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान भी प्रभावी ढंग से चलाने चाहिए।कटवाल ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नशे के खिलाफ मैराथन आयोजित करना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये आयोजन केवल प्रचार तक सीमित रह गए हैं। सरकार को मैराथन के आयोजन, प्रचार और टी-शर्ट वितरण पर खर्च होने वाली राशि का पूरा विवरण सार्वजनिक करना चाहिए।उन्होंने कहा कि चिट्टे का खात्मा केवल दौड़ लगाने या कार्यक्रम आयोजित करने से नहीं होगा। इसके लिए मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति, ठोस कार्ययोजना और प्रशासनिक स्तर पर जवाबदेही जरूरी है।कटवाल ने मांग की कि नशा तस्करी में शामिल प्रभावशाली लोगों के खिलाफ भी निष्पक्ष जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही नशे से प्रभावित युवाओं के उपचार और पुनर्वास की व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए सरकार और समाज को मिलकर निर्णायक प्रयास करने होंगे।

