मंडी : धर्मवीर – हिमाचल प्रदेश की सड़कों पर हादसों का दौर जारी है और लगातार मामलों में इजाफा होता जा रहा है । ताजा मामले में देर शाम चंडीगढ़-मनाली हाइवे पर भौर में फोरलेन पर एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। वही मौके पर पहुंचकर पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है।
25 वर्षीय युवक की मौत, दूसरे की हालत नाजुक
जानकारी के अनुसार देर शाम बाइक सवार मंडी की ओर से सुंदरनगर की ओर आ रहे थे, जैसे ही बाइक भौर ले समीप पहुंची तो बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे बाइक पर सवार दोनों युवक सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए । जिन्हें उपचार के लिए स्थानीय लोगों द्वारा नेरचौक स्थित मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। जहां पर एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत नाजुक बताई जा रही है। इस पूरे हादसे का वीडियो साथ लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मृतक युवक की पहचान 25 वर्षीय राकेश कुमार निवासी जयदेवी तहसील सुंदरनगर जिला मंडी के रूप में हुई है । जबकि 25 वर्षीय वासुदेव पुत्र लीलाधर निवासी गांव वड़खारी डाकघर कोठी तहसील बल्ह जिला मंडी की हालत नाजुक है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी दिनेश कुमार ने बताया पुलिस ने दुर्घटना से संबंधित मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
