राहुल चावला, कांगड़ा: विधानसभा चुनाव को लेकर जहां 68 विधानसभा सीटों में कांग्रेस और बीजेपी के प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है । वहीं इस मर्तबा प्रदेश में 68 सीटों पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार भी कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवारों को कांटे की टक्कर देने के लिए चुनावी मैदान में उतरे हैं। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों की ओर से भी चुनाव प्रचार प्रसार जोरों शोरों से किया जा रहा है।
जहां एक और भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच में कांटे की टक्कर मानी जा रही हैं। वहीं कुछ विधानसभा क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार भी भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों को टक्कर देते हुए नज़र आ रहे हैं। ऐसी ही एक सीट कांगड़ा का सदर विधानसभा क्षेत्र कांगड़ा है, जहां एक नहीं बल्कि पूरे दो दशक तक कांगड़ा जनपद की सबसे बड़ी पंचायत जोगिबाड़ा की सत्ता पर काबिज़ रहने वाले और समूचे कांगड़ा विधानसभा में प्रधान के नाम से मशहूर राजकुमार अबकी बार गांव की सियासत से उठकर विधानसभा की सियासत में कदम रख चुके हैं। राजकुमार ने इन विधानसभा चुनावों में आप प्रत्याशी के तौर पर चुनावी मैदान में उतर कर इस सीट का मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया है।
आप प्रत्याशी राजकुमार ने अपना चुनावी प्रचार- प्रसार भी कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में शुरू कर दिया है। शनिवार को राजकुमार ने कांगड़ा सदर के कई क्षेत्रों में पैदल चलकर अपना चुनावी अभियान तेज किया है। उन्होंने हाट बाजार के कारोबारियों से भी मुलाकात करके अपने पक्ष में वोट करने की अपील की है।
