भावना शर्मा, शिमला:प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस और भाजपा जहां अभी तक उम्मीदवारों के नामों को लेकर मंथन ही कर रहे है। वहीं आम आदमी पार्टी ने सबसे पहले मोर्चा मारते हुए विधानसभा चुनावों को लेकर अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। आम आदमी पार्टी की ओर से जारी की गई पहली सूची में 4 उम्मीदवारों के नाम शामिल किए गए है। मात्र चार ही विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों की सूची आप ने जारी की है जिसमें पहला नाम फतेहपुर से राजन सुशांत, दूसरा नगरोटा से उमाकांत डोगरा, तीसरा लाहौल स्पीति से सुदर्शन जसपा और चौथा नाम पौंटा साहिब से मनीष ठाकुर का शामिल है। इन चारों को आप की ओर से अपना प्रत्याशी घोषित किया गया है।
बता दें कि राजन सुशांत ने हाल ही में आम आदमी पार्टी का दामन थामा है, हालांकि राजन सुशांत 2014 में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे और उन्हें 2016 में संयोजक बनाया गया था लेकिन उन्होंने 2016 में आम आदमी पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद वह किसी भी पार्टी से नहीं जुड़े। 2020 में उन्होंने पौंग बांध विस्थापितों का साथ लेकर हमारी पार्टी हिमाचल पार्टी बनाई। 2021 में फतेहपुर उपचुनाव अपनी पार्टी से लड़ा। इसके बाद अपनी पार्टी भी छोड़ दी ओर अब फिर से उन्होंने आप का दामन थाम लिया है। चार बार विधायक, एक बार मंत्री व एक बार सांसद रहे सुंशात अब तक चार बार पार्टियां बदल चुके है। सुशांत पहली बार 1982 से 1985 तक भाजपा के विधायक रहे। इसके बाद 1985-1990, 1998-2003 व 2007-2009 तक भाजपा के विधायक रहे। 1998-2003 में भाजपा सरकार के कार्यकाल में वह राजस्व मंत्री रहे। 2009 में वह सांसद बने। पार्टी के खिलाफ़ कार्य करने पर उन्हें निलंबित कर दिया था। 2014 में वह आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। दो साल तक कार्य करने के बाद 31 जनवरी 2016 को उन्होंने आप से त्यागपत्र दे दिया।
वहीं युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मनीष ठाकुर को पौंटा साहिब से आम आदमी पार्टी ने उतारा है मनीष ठाकुर एनएसयूआई में रहने केzसाथ ही युवा कांग्रेस के तीन साल तक अध्यक्ष रहे और पार्टी में अनदेखी के चलते वह आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे जिन्हें अब आम आदमी पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
वहीं आप के तीसरे उम्मीदवार सुदर्शन जस्पा की लाहौल स्पीति क्षेत्र ने एक समाजसेवी के रूप ने पहचान है। सुदर्शन जस्पा छात्र राजनीति से ही छात्रों की मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन करते रहे है। वह 2015 से 2020 तक जिला परिषद के सदस्य भी रहे है। 2017 के विधानसभा चुनावों में निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में उतरकर कांग्रेस और भाजपा को कड़ी चुनौती देने में कामयाब रहे थे। सुदर्शन जस्पा ने 2022 में पंजाब चुनावों में आम आदमी पार्टी को मिली भारी जीत के बाद आम आदमी पार्टी का दामन थामा था और वर्तमान में वह आम आदमी पार्टी के जिला प्रभारी के रुप में कार्य कर रहे है।
आप के चौथे उम्मीदवार उमाकांत डोगरा आम आदमी पार्टी ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष के रुप में कार्य करते हुए क्षेत्र की हर पंचायत में संगठन को मजबूत करने का काम किया है। उमाकांत डोगरा ग्राम पंचायत सरोतरी के प्रधान रहे है और ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन महाविधालय बाबा बड़ोह के अध्यक्ष है । उमाकांत डोगरा लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की मांगों को सरकार के समक्ष मीडिया के माध्यम से उठाते रहे है। अब आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के रुप में वह चुनावी मैदान ने उतरेंगे।
