संजु चौधरी, शिमला: नगर निगम शिमला के चुनावों को लेकर चुनावी मैदान में उतरे राजनीतिक दलों में से भाजपा ने सबसे पहला अपना चुनावी दृष्टि पत्र जारी कर दिया हैं। भाजपा के बाद अब कांग्रेस से मंगलवार को अपना दृष्टि पत्र जारी करने जा रही हैं, लेकिन से पहले कांग्रेस की ओर से भाजपा की दृष्टि पत्र को लेकर भाजपा पर निशाना साधा जा रहा हैं।
भाजपा की ओर से जारी किए गए दृष्टि पत्र पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने जमकर निशाना साधा हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो दृष्टि पत्र जारी किया हैं वह 2017 में जारी किए श्वेत पत्र की कार्बन कॉपी हैं। भाजपा अपनी सरकार के कार्यकाल के दौरान जनता से किए वादों को पूरा नहीं कर पाई। अब झूठी घोषणाएं कर जनता को गुमराह करने का काम कर रही हैं। भाजपा सरकार के दौरान स्मार्ट सिटी के पैसे का जमकर दुरुपयोग किया गया। भाजपा ने नगर निगम में रहते नए टैक्स लगाए, पानी के बिल बढ़ाएं लेकिन पार्टी अब लोगों को 40000 लीटर निशुल्क पानी और टैक्सों को कम करने की बात कर रही हैं। शिमला की जनता सरकार के साथ है और नगर निगम शिमला कांग्रेस पार्टी की ही बनेगी। स्मार्ट सिटी में हुए धन के दुरूपयोग को लेकर जांच की जाएगी।
भाजपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की नियुक्ति पर सवाल उठाते हुए नरेश चौहान ने कहा कि जिस अध्यक्ष को 3 साल पहले जिन परिस्थितियों में हटाया गया उनको दोबारा से अध्यक्ष बनाने के पीछे भाजपा की क्या मजबूरी हैं,इसको लेकर पार्टी जवाब दें। कांग्रेस की ओर से विधानसभा चुनावों में दी गई 10 गारंटियों को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर नरेश चौहान ने कहा कि सुक्खू सरकार सभी गारंटीयों को चरणबद्ध तरीके से 4 साल में अंदर पूरा करेगी।
