शिमला :संजु (TSN)-NDA ने नरेंद्र मोदी को संसदीय दल का नेता चुन लिया है.इसको लेकर नई दिल्ली में गठबंधन दलों की संयुक्त बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया. इसी बीच AICC प्रवक्ता और हिमाचल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बड़ा बयान दिया है.कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि NDA भले ही सरकार बनाने जा रही है लेकिन इसकी शुरुआत परस्पर विरोधाभास और आंतरिक गतिरोध से हुई है. गठबंधन के दलों में शुरुआत से ही बिखराव की स्थिति नजर आ रही है ऐसे में सरकार के 5 वर्षों तक चलने पर संदेह है. कुलदीप सिंह राठौर ने इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी विपक्ष में बड़ी जिम्मेदारी देने की भी मांग की.
पीएम मोदी की लोकप्रियता का ग्राफ गिरा
AICC प्रवक्ता और हिमाचल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि एनडीए सरकार बनाने जा रही है. देश में तीसरी बार नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं. लेकिन शुरुआत से ही गठबंधन के अंदर स्थिति ठीक नज़र नहीं आ रही. उन्होंने कहा कि भाजपा और NDA ने 400 पार का दावा किया,लेकिन वह सपना सरकार नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि भाजपा को गठबंधन के सहयोग से सरकार बनानी पड़ रही है.लेकिन गठबंधन के अंदर अभी से गतिरोध और कई मामलों पर परस्पर विरोधाभास की स्थिति पैदा हो गई है. इस दौरान उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि देश में भाजपा ने सांप्रदायिक ध्रुवीकरण करने की कोशिश की, लेकिन जनता ने वह स्वीकार नहीं किया. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की लोकप्रियता का ग्राफ गिरा है. स्मृति ईरानी समेत भाजपा के 19 मंत्री यह चुनाव हार गए. कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि यह चुनाव समान स्तर पर नहीं लड़ा गया. अगर समान अवसर मिलता तो NDA विपक्ष में होता. कुलदीप सिंह राठौर ने इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तारीफ की. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो और भारत छोड़ो नया यात्रा से देश को जोड़ने का काम किया. जन संवाद किया और भाजपा का 400 पार का स्वप्न तोड़ने, इंडिया गठबंधन को सफलता दिलाने में बड़ी भूमिका अदा की. इस मौके पर कुलदीप सिंह राठौर मांग करते हुए कहा कि राहुल गांधी को विपक्ष में एक बड़ी जिम्मेदारी दी जानी चाहिए. हालांकि अभी इंडिया गठबंधन की बैठक होनी है जिसमें फैसला होगा.
पार्टी पर्यवेक्षक हिमाचल में चुनाव को लेकर सौंपेंगे अपनी रिपोर्ट
वहीं इस दौरान हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव में भाजपा के क्लीन स्वीप पर कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि जल्द ही पार्टी पर्यवेक्षक हिमाचल में चुनाव को लेकर अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे. उन्होंने कहा कि इसके बाद लोकसभा में हार के कारणों पर मंथन होगा.उन्होंने कहा कि विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने 6 में से 4 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की, जो एक बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के साथ प्रदेश में सरकार को अस्थिर करने के भाजपा के मनसूबे फेल हो गए हैं.
