संजु चौधरी, शिमला(TSN): हिमाचल प्रदेश सरकार में मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल अपने विधानसभा क्षेत्र में आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा करके शिमला वापिस पहुंचे हैं। इस दौरान किशोरी लाल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के आपदा के दौरान दिन-रात काम करने की बात कहते हुए मुख्यमंत्री की खुलकर तारीफ़ की। इसी के साथ उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधा और कहा कि विपक्ष सत्ता से बाहर हैं, ऐसे में इस तरह का रवैया अपना रहा है और सरकार विपक्ष को विधानसभा में जवाब देगी।
सीपीएस किशोरी लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश को आपदा प्रदेश घोषित करने और प्रदेश को मदद देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी से कई बार बात की लेकिन अभी तक केंद्र की ओर से कोई मदद नहीं दी गई हैं। उन्होंने कहा जबकि लोग अपने स्तर पर खुल कर मदद कर रहे हैं। विपक्ष के लगातार केंद्र की ओर से मदद दिए जाने की बात पर जवाब देते हुए किशोरी लाल ने कहा कि केंद्र की ओर से कितनी मदद मिली हैं,सब विधानसभा सत्र के दौरान साफ हो जाएगा. सरकार विपक्ष की हर बात का जवाब देगी।
उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष सत्ता से बाहर है और इस तरह का रवैया अपना रहा हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र है ऐसे में हर किसी को अपनी बात कहने का अधिकार हैं। किशोरी लाल ने पक्ष और विपक्ष के बीच चल रही राजनीतिक जुबानी जंग को देव और असुर संग्राम से भी तुलना की।
उधर देश भर में भारत और इंडिया के नाम को लेकर छिड़ी बहस के बीच हिमाचल प्रदेश सरकार में मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल ने प्रधानमंत्री मोदी को 9 साल पहले किए वायदे की याद दिलवाई। सीपीएस किशोरी लाल ने कहा कि सरकार नाम के चक्कर में लोगों को उलझाने का काम कर रही हैं। आम जनता को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। आम जनता को रोजगार चाहिए और महंगाई से राहत चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री को 9 साल पहले किए गए वादे की याद दिलाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को 2 करोड़ रोजगार देने का वादा याद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि “सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा” और कहा की हिंदी में भारत अंग्रेजी में इंडिया तो किसी और भाषा में हिंदुस्तान है लेकिन सबके मायने एक ही हैं।
