सोलन/योगेश शर्मा: पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा आज सोलन पहुंचे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में आनंद शर्मा ने कांग्रेस द्वारा महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए दिए जाने के सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि मुझसे इस बारे में कांग्रेस के नेताओं ने कोई चर्चा नहीं की है। ना ही मुझे इस बारे में किसी भी तरह के आंकड़े मालूम है, लेकिन कांग्रेस ने जो गारंटी दी है उसे सरकार बनने पर पूरा किया जाएगा।
आनंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने जो ओपीएस बहाली की बात कही है उसे पूरा किया जाएगा, लेकिन प्रधानमंत्री अपना मत स्पष्ट करें कि आखिर वे इस पर बात क्यों नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की हर वर्ग की जनता और प्रदेश का प्रत्येक कर्मचारी इस बार कांग्रेस के साथ है। यही बौखलाहट भाजपा नेताओं में देखने को मिल रही है, इसीलिए बार-बार वे हिमाचल आ रहे हैं।
शर्मा ने कहा कि भाजपा के बड़े-बड़े नेता इन दिनों हिमाचल का रुख कर रहे हैं। उनके पास जांच एजेंसियों की रिपोर्ट पहुंच चुकी है कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। ऐसे में वे अपने सभी बड़े नेताओं को हिमाचल में आकर गली-गली में रैलियां करवा रहे हैं। आनंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के साथ है और चुनाव में कांग्रेस को ही जनता अपना मत देने वाली है। बता दें कि बुधवार को आनंद शर्मा सोलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से चुनाव के मद्देनजर बैठक लेने के लिए आए थे। होटल पेरागोंन में इस बैठक का आयोजन किया गया था।
