विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल के ऊना जिला के भरवाई में बुधवार को गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल भरवाई और प्राइमरी स्कूल भरवाई के साथ सटे हुए जंगल में आग लग गई। कुछ ही समय में आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया और आग प्राइमरी स्कूल की तरफ बढ़ने लगी, जिसके बाद प्राइमरी स्कूल में कार्यरत अध्यापिका रीना शर्मा ने आग लगने की घटना की सूचना फायर ब्रिगेड चिंतपूर्णी को दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड इंचार्ज शंकर दास के साथ उनकी टीम मौके पर पहुंची और आग को बुझाने का प्रयास शुरू किया गया, हालांकि आग को बुझाने में कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा परंतु कुछ समय के बाद आग पर काबू पा लिया गया। अगर समय पर आग पर काबू न पाया जाता तो आग से काफी ज्यादा नुकसान हो सकता था क्योंकि इसके साथ ही दो स्कूल है। इसमें गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 230 के करीब छात्र और प्राइमरी स्कूल में 54 बच्चे पढ़ाई कर रहे थे।
आग बुझाने में थोड़ी सी देरी होने पर स्कूल भवन तक भी आग पहुंच सकती थी। फायर ब्रिगेड के इंचार्ज पीसी शंकर दास ने बताया कि आग लगने की इस घटना में किसी प्रकार का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। इसके अलावा फायर ब्रिगेड कर्मियों ने 10 लाख की संपत्ति को जलने से बचाया गया है।
