मंडी : धर्मवीर (TSN)-अटैचियां भरकर सीआरपीएफ की कस्टडी में रहकर भाजपा के हाथों खेल रहे नेताओं के बारे में प्रदेश की जनता भली भांति जान चुकी है और इन नेताओं को कभी भी माफ नहीं करेगी। यह बात एपीएमसी के चेयरमैन संजीव गुलेरिया ने मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।
गुलेरिया ने कहा कि प्रदेश के इस प्रकार का कल्चर नहीं है लेकिन भाजपा यहां पर एक गलत रिवायत शुरू करने जा रही है जोकि प्रदेशहित में नहीं है। उन्होंने कहा कि एक चोर दूसरे को भी चोर ही समझता है और कुछ ऐसा ही हाल बागियों का भी है। जिस पार्टी के चुनाव चिन्ह पर उन्होंने चुनाव लड़ा और जीता, उसी पार्टी के साथ गद्दारी करने के साथ-साथ इन्होंने प्रदेश के लोगों के साथ भी गद्दारी की है।
मैं दावेदार नहीं, लेकिन हाईकमान तय करेगा किसे देना है टिकट
संजीव गुलेरिया ने चुनाव लड़ने को लेकर पूछे गए सवाल के जबाव में कहा कि वे टिकट के दावेदार नहीं है लेकिन टिकट किसे देना है यह पार्टी हाईकमान ही तय करेगा। उन्होंने कहा कि जो घटनाक्रम प्रदेश की राजनीति में हुआ है उससे प्रदेश में कांग्रेस का ग्राफ बढ़ा और भाजपा का घटा है। लोग भाजपा का असली चेहरा जान गए हैं और आने वाले समय में लोकसभा चुनावों की चारों सीटों को कांग्रेस शानदार ढंग से जीतेगी।
