ऊना, राकेश-:अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ऊना जिले में रविवार को अस्मिता एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता इंदिरा गांधी स्टेडियम, ऊना में आयोजित हुई, जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में बालिकाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन खेलो इंडिया, माई भारत, भारतीय खेल प्राधिकरण तथा जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के संयुक्त सहयोग से किया गया।
इस अवसर पर बीजेपी विधायक सतपाल सत्ती ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की और प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।मीडिया से बातचीत करते हुए सतपाल सत्ती ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के माध्यम से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देते हैं, बल्कि आत्मविश्वास और अनुशासन भी सिखाते हैं। ऐसे आयोजनों से महिलाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ती है और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बेहतर मंच मिलता है।उन्होंने सभी उपस्थित खिलाड़ियों और नागरिकों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। समाज के विकास के लिए जरूरी है कि महिलाओं को हर क्षेत्र में समान अवसर मिलें और उनकी भागीदारी को बढ़ावा दिया जाए।
प्रतियोगिता के दौरान 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया। इन स्पर्धाओं में अंडर-13, 13 से 18 वर्ष और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया और दर्शकों का उत्साह भी देखने लायक रहा।गौरतलब है कि अस्मिता पहल की शुरुआत वर्ष 2021 में की गई थी। इस पहल का उद्देश्य देशभर में महिलाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाना, नई प्रतिभाओं की पहचान करना और युवाओं को स्वस्थ तथा सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
