Hamirpur, Arvind-:हिमाचल प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता और सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार पूरी तरह हताशा और निराशा में डूबी हुई है। उनका कहना है कि सरकार के पास न राजनीतिक ताकत बची है और न ही जनता का भरोसा, इसलिए सत्ता बचाने के लिए फर्जी और घटिया तरीकों का सहारा लिया जा रहा है।
राजेंद्र राणा ने आरोप लगाया कि जब किसी सेनापति की ताकत घटने लगती है और उसकी सेना बिखरने लगती है, तो वह भाड़े के टट्टुओं के सहारे युद्ध जीतने की कोशिश करता है। राणा के मुताबिक, हिमाचल की मौजूदा सरकार भी ठीक ऐसा ही कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता के टैक्स का पैसा फर्जी सोशल मीडिया पेज बनवाने और विपक्ष पर हमले करवाने में खर्च किया जा रहा है, जबकि इसे जनता के हित में उपयोग होना चाहिए था।राणा ने कहा कि सरकार अपनी असफलताओं, घोटालों और विफल नीतियों को छिपाने के लिए पुलिस तंत्र का दुरुपयोग कर रही है और सोशल मीडिया के जरिये झूठा नैरेटिव गढ़ने की कोशिश में लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी पेजों के माध्यम से विपक्ष को निशाना बनाने की रणनीति सरकार की मानसिक हताशा और सत्ता की कुर्सी बचाने की छटपटाहट को उजागर करती है।
उन्होंने कहा कि असली मुद्दों—बेरोजगारी, आर्थिक संकट, विकास कार्यों में देरी और महंगाई—से जनता लगातार सवाल पूछ रही है, लेकिन सरकार इन समस्याओं से ध्यान भटकाने में लगी है। राणा ने कहा कि विपक्ष को दुश्मन की तरह पेश करने की यह शैली जनता के बीच सरकार को हास्यास्पद स्थिति में ला रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब सब कुछ देख और समझ रही है, और आने वाले समय में इस सरकार को इसका जवाब मिलेगा।
