राहुल चावला,धर्मशाला(TSN): धर्मशाला के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रविवार यानि 22 अक्टूबर को इंडिया और न्यूजीलैंड टीम के मध्य वन डे वर्ल्डकप का मैच खेला जाना हैं। ऐसे में मैच को जीतने के लिए न्यूजीलैंड की टीम ने धर्मशाला के क्रिकेट स्टेडियम में जमकर नेट अभ्यास किया और इस मैच को जीतने के लिए खिलाड़ियों ने खूब पसीना बहाया। करीब 2 बजे के बाद न्यूजीलैंड के खिलाड़ी अभ्यास सत्र में भाग लेने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे।
सबसे पहले न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों ने स्टेडियम में वार्मअप किया। उसके बाद नेट अभ्यास के लिए पहुंचे। बता दे कि न्यूजीलैंड की टीम अभी तक वन डे वर्ल्डकप सीरीज में एक भी मैच नहीं हारी है और वर्ल्डकप के पॉइंट टेबल पर नंबर एक के पायदान पर हैं। वहीं बात अगर टीम इंडिया की कि जाए तो टीम इंडिया ने भी इस सीरीज में अभी तक कोई मुकाबला नहीं हारा है और टीम इंडिया वर्ल्डकप के पॉइंट टेबल पर दूसरे पायदान पर हैं। ऐसे में धर्मशाला में आयोजित होने वाला यह मैच काफी दिलचस्प रहने वाला हैं, क्योंकि दोनों टीमों के खिलाड़ी मैच को जीतने के उद्देश्य से मैदान में उतरेंगे।
अभ्यास सत्र के दौरान न्यूजीलैंड टीम के कप्तान व कोच भी धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम की पिच का मुआयना करते हुए भी नजर आए। वहीं टीम के कप्तान टॉम लैथम अपने टीम के हेड कोच के साथ मैच को लेकर काफी देर तक गुफ्तगू करते हुए भी नजर आए की आखिर मैच के दौरान यह पिच किस तरह से टीम के बल्लेबाजों और गेंदबाजों को मदद पहुंचाएगी। वहीं न्यूजीलैंड टीम के कप्तान का भी यह कहना है कि वह टीम इंडिया को किसी भी कीमत पर कम नहीं आंक सकते।
