Hamirpur, Arvind-हमीरपुर ज़िले की सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की भरनांग पंचायत को आज विकास की दिशा में एक नई सौगात मिली। सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने यहां नव-निर्मित सामुदायिक भवन और अत्याधुनिक जिम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला।
इस लोकार्पण समारोह के दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि भरनांग पंचायत में आधुनिक सुविधाओं का यह विस्तार न केवल क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं और बच्चों के लिए सशक्त भविष्य की नींव रखेगा, बल्कि ग्रामीण विकास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह जिम युवाओं को फिटनेस और खेलों की ओर प्रेरित करेगा, जिससे उनमें आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास होगा।अनुराग ठाकुर ने कहा, “गांव की महिलाएं आज पंचायतों में प्रभावशाली नेतृत्व कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को राजनीतिक आरक्षण देकर उन्हें और सशक्त किया गया है। आने वाले समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाएंगी।”इस मौके पर पंचायत के उन मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने जमा दो की परीक्षा में राज्य स्तर पर उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार जीतने वाले जूडो खिलाड़ी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
