बिलासपुर,सुभाष ठाकुर(TSN)-बिलासपुर जिले की चाइल्ड हेल्पलाइन विंग,जो महिला एवं बाल विकास विभाग के अधीन कार्यरत है ने अपनी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल की है।फरीदाबाद की प्रतिष्ठित एनजीओ आर्यभट्ट संस्थान ने बिलासपुर चाइल्ड हेल्पलाइन को एप्रिशिएशन सर्टिफिकेट प्रदान किया है।इस प्रमाणपत्र में उनकी त्वरित सेवाओं और कार्यप्रणाली की विशेष सराहना करते हुए पूरे हिमाचल प्रदेश में इसे सर्वश्रेष्ठ आंका गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी हरीश मिश्रा ने बताया कि आर्यभट्ट संस्थान देशभर में ऑनलाइन चाइल्ड हेल्पलाइन की सेवाओं का आकलन करता है।इस बार बिलासपुर चाइल्ड हेल्पलाइन को उसकी बेहतरीन कार्यशैली और सेवाओं के आधार पर हिमाचल में पहले स्थान पर रखा गया।एनजीओ द्वारा जारी प्रशंसा प्रमाणपत्र इस बात का प्रमाण है कि राष्ट्रीय स्तर पर इसकी सेवाओं को पहचान और प्रशंसा मिली है।
हरीश मिश्रा ने आगे कहा कि यह सम्मान टीम के लिए एक प्रेरणा है। इससे बच्चों के संरक्षण,उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नशे के खिलाफ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में काम तेज किया जाएगा।यह उपलब्धि बिलासपुर जिले के लिए गर्व का विषय है और यह दर्शाती है कि चाइल्ड हेल्पलाइन विंग बच्चों की सुरक्षा और कल्याण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
