धर्मशाला, राहुल-: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल को लेकर भाजपा ने एक बार फिर सरकार पर निशाना साधा है। धर्मशाला के पूर्व भाजपा विधायक विशाल नैहरिया ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश का हर वर्ग खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने पहली ही कैबिनेट में पांच लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन साढ़े तीन साल बीतने के बावजूद यह वादा पूरा नहीं हुआ है।
नैहरिया ने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार की आस लगाए सरकार की ओर देख रहा है, लेकिन रोजगार के मोर्चे पर उसे लगातार निराशा मिल रही है। उन्होंने ‘वन मित्र’ सहित विभिन्न भर्तियों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया और रोजगार से जुड़ी नीतियों को लेकर युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है। उनका दावा है कि प्रदेश का युवा आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी नाराजगी का जवाब मतदान के जरिए देगा।पूर्व विधायक ने महिलाओं से जुड़े चुनावी वादों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले महिलाओं से कई वादे किए थे, लेकिन उन्हें पूरा करने की दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए। वहीं कर्मचारियों और पेंशनरों के वित्तीय मामलों को लेकर भी उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। डीए, लंबित वित्तीय लाभ और अन्य मांगों को लेकर कर्मचारी और पेंशनर लगातार आवाज उठा रहे हैं, लेकिन सरकार इन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं कर पाई है।पर्यटन को लेकर नैहरिया ने कहा कि कांगड़ा को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने और नई संभावनाओं को बढ़ावा देने के बड़े दावे किए गए थे, लेकिन धरातल पर उनके अपेक्षित परिणाम दिखाई नहीं दे रहे। उन्होंने ट्रैकिंग जैसी गतिविधियों पर शुल्क लगाए जाने पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के बजाय अतिरिक्त शुल्क से लोगों और पर्यटकों पर आर्थिक बोझ बढ़ाना उचित नहीं है।
कांग्रेस के ‘व्यवस्था परिवर्तन’ के नारे पर कटाक्ष करते हुए नैहरिया ने कहा कि प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन नहीं, बल्कि व्यवस्था का कुप्रबंधन दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता सरकार के कामकाज से असंतुष्ट है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को इसका लाभ मिलेगा। नैहरिया ने कहा कि भाजपा भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी, जबकि कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।मुख्यमंत्री की ओर से भाजपा के बंटे होने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नैहरिया ने कहा कि भाजपा पूरी तरह एकजुट है और परिवार की तरह मिलकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी में सामूहिक नेतृत्व के तहत निर्णय लिए जाते हैं और आने वाले समय में आंदोलन से लेकर चुनावी रणनीति तक सभी नेता एकजुट होकर काम करेंगे।

