चंबा,मंजूर पठान-: बिजली बोर्ड चंबा ने लंबे समय से बिजली बिलों का भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग ने चंबा क्षेत्र में 1833 डिफाल्टर उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर बकाया राशि जल्द जमा करवाने के निर्देश दिए हैं।
बिजली बोर्ड चंबा के अधिशाषी अभियंता एच.आर. चौहान ने बताया कि कई उपभोक्ताओं ने लंबे समय से अपने बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया है। ऐसे उपभोक्ताओं को विभाग की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता निर्धारित समय के भीतर अपने लंबित बिलों का भुगतान करें, ताकि उन्हें आगामी कार्रवाई या बिजली आपूर्ति संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध विद्युत सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए बोर्ड लगातार प्रयासरत है। वहीं, बकाया बिलों की वसूली को लेकर भी विभाग गंभीरता से कार्य कर रहा है। नोटिस के बावजूद निर्धारित अवधि में राशि जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है।अधिशाषी अभियंता ने सभी डिफाल्टर उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे नोटिस को गंभीरता से लेते हुए समय पर बकाया बिजली बिल जमा करवाएं।

