राकेश,ऊना(TSN): देश में आने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी अभी से मैदान में डट गई हैं। इन चुनावों की तैयारियों को लेकर बैठकों का दौर भी शुरू हो चुका हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में भाजपा कार्यालय में बीजेपी की एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में जिला की बनाई गई नई कार्यकारणी के सदस्यों सहित पूर्व भाजपा विधायक व अन्य पदाधिकारी सहित भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सती ने शिरकत की।
बैठक में आने वाले लोकसभा चुनावों को लेकर रणनीति तय की गई है और बीजेपी आने वाले समय में क्या-क्या कार्यक्रम करेगी उसको लेकर भी रूपरेखा तैयार की गई। भाजपा नेताओं ने मीडिया से रूबरू होते हुए बताया कि मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत दिल्ली में बने वार मेमोरियल के साथ बनने वाले अमृत वाटिका के लिए जिला ऊना के हर गांव और हर घर से मिट्टी इकट्ठी कर अमृत वाटिका के लिए दिल्ली भेजी जाएगी ताकि अमृत वाटिका निर्माण में इसका इस्तेमाल हो सके।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की ओर से शुरू की गई मन की बात कार्यक्रम को लेकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस कार्यक्रम को देखने के लिए जोड़ना है ताकि लोगों को पता चल सके कि देश हित के लिए कौन-कौन से कदम उठाए जा रहे हैं और इसका आम जनता को क्या फायदा हो रहा हैं। वहीं उन्होंने कहा कि बीजेपी बूथ सशक्तिकरण को लेकर भी रणनीति बनाई गई है जिसको सभी के साथ सांझा किया गया हैं।
बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने आपदा को लेकर की जा रही राजनीति पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। सत्ती ने कहा की हिमाचल प्रदेश में जब से आपदा आई है कांग्रेस के लोगों ने अपनी नाकामियां छुपाने के लिए आपदा का सहारा लेकर केंद्र सरकार पर आरोप लगाकर अपनी जिम्मेवारी से पीछे हट रहे हैं जबकि केंद्र सरकार हर प्रकार की मदद प्रदेश सरकार की कर रही हैं। कांग्रेस के लोग जगह-जगह घूम कर फोटो शूट करवा रहे हैं बाकी कुछ नहीं हो रहा हैं। जो नुकसान हुआ हैं उन लोगों को कोई मदद अभी तक नहीं मिल पा रही हैं।
