अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रदेश में चुनावी माहौल के बीच कांग्रेस लगातार बेरोजगारी ओर महगांई को लेकर बीजेपी पर हमला बोल रही है। प्रदेश को बेरोजगारी दर में देश भर में पहले 5 राज्यों में शामिल करने का दोष भी युवा कांग्रेस प्रदेश सोशल मीडिया सेल के अध्यक्ष चंदन राणा ने बीजेपी सरकार को दिया है। युवाओं और रोजगार के बारे में बोलते हुए चंदन राणा ने बताया कि कांग्रेस ने हिमाचल में पांच लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया है। इसके लिए सरकारी विभागों में खाली प़ड़े पदों को भरने के साथ ही निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे।
उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर पर 5 लाख युवाओं को रोज़गार और प्रत्येक विधानसभा के लिए 10 करोड़ का स्टार्ट-अप फंड की गारंटी पर विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी विभागों में खाली पड़े पदों को भरने के साथ ही निजी क्षेत्र में भी रोजगार बढ़ाने की दिशा में काम करेगी। राज्य की सभी 68 में विधानसभा क्षेत्रों में से प्रत्येक के लिए 10 करोड़ का स्टार्ट अप फंड स्थापित होगा। इससे सभी विधानसभा में स्टार्ट-अप शुरू करने में युवाओं को मदद मिलेगी। स्टार्ट-अप फंड का उद्देश्य युवाओं को ब्याज मुक्त और गांरटी रहित लोन उपलब्ध करवाना है। इससे युवा अपने स्टार्ट-अप स्थापित कर सकेंगे, जिससे रोजगार के अवसर पैदा होने लगेंगे।
इस दौरान चंदन ने प्रदेश ने बढ़ती बेरोजगारी की वजह बीजेपी को बताया। उन्होंने भाजपा की प्रदेश सरकार को ओर बीजेपी के नेताओं को उनके 2017 के घोषणापत्र में युवाओं और रोज़गार पर किए गए वायदों को एक बार पढ़ने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि बीजेपी का युवाओं को रोज़गार न देकर उनको लगातार मुद्दों से भटकाने का काम अब ज्यादा समय तक नहीं चलने वाला है।
