अरविंदर सिंह, हमीरपुर: प्रदेश विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की ओर से दी गई गारंटियों में प्रदेश में 5 लाख युवाओं को रोजगार मुहैया करवाने की गारंटी भी शामिल है। किस तरह से प्रदेश के युवाओं को सत्ता में आने पर कांग्रेस की ओर से रोजगार मुहैया करवाया जाएगा इसके बारे में जानकारी बड़सर विधायक एवं प्रदेश कमेटी वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंद्रदत्त लखनपाल ने दी। युवाओं और रोजगार के बारे में हमीरपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल में पांच लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया है । इसके लिए सरकारी विभागों में खाली प़ड़े पदों को भरने के साथ ही निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे।
उन्होंने सरकार बनने पर 5 लाख युवाओं को रोज़गार और प्रत्येक विधानसभा के लिए 10 करोड़ का स्टार्ट-अप फंड की गारंटी पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि राज्य की सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में से प्रत्येक के लिए 10 करोड़ का स्टार्ट अप फंड स्थापित होगा। स्टार्ट-अप फंड का उद्देश्य युवाओं को ब्याज मुक्त और गांरटी रहित लोन उपलब्ध करवाना है। इससे युवा अपने स्टार्ट-अप स्थापित कर सकेंगे, जिससे रोजगार के अवसर पैदा होने लगेंगे।
विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने इस दौरान बीजेपी पर युवाओ को रोज़गार न देकर उनको लगातार मुद्दों से भटकाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुद्दों लर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर गंभीर नज़र नहीं आते है। आज का युवा नशे की चपेट में आ रहा है जिसके लिए सरकार कुछ नहीं कर सकी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को अपनी हार नजदीक देखते हुए बौखलाहट हो गई है इसलिए फ़िजूल की बयानबाजी करने में लगे हुए है। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों को कार्यक्रम में बुलाकर भीड जुटाने से सरकार नहीं बनेगी क्योंकि प्रदेश में कई बार पीएम मोदी की रैलियां करवाने के बावजूद भी प्रदेश को कुछ नहीं मिला है।
इस प्रेस वार्ता के दौरान ज़िला अध्यक्ष राजेंद्र ज़ार, अनीता वर्मा, कुलदीप पठानिया, जगजीत ठाकुर, अजय शर्मा और युवा कांग्रेस से मिडिया चेयरमेन डॉ.चंदन राणा आदि नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे ।
