मंडी,धर्मवीर(TSN)-सोमवार को मंडी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान हिमाचल कांग्रेस कमेटी विचार विभाग के चेयरमैन विजय पाल सिंह ने भाजपा पर जुबानी हमला बोला है।उनका कहना है कि हिमाचल के भाजपा नेता केंद के पास अपनी महता दिखाने के लिए प्रदेश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा कर रहे हैं।जबकि यह नेता हिमाचल में स्वयं पांच टुकड़ों में बंटे हुए हैं।इन ग्रुप्स में जयराम ठाकुर,जेपी नड्डा,अनुराग ठाकुर, राजीव बिंदल व हालही में कांग्रेस से बीजेपी में शामिल नेता चला रहे हैं।
अनाप-शनाप बयानबाजी कर निम्न स्तर की कर रहे राजनीति
विजय पाल सिंह ने कहा कि पीएम मोदी व अमित शाह के सामने मात्र अपनी अहमियत दिखाने के लिए यह नेता आए दिन प्रदेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ अनाप-शनाप की बयानबाजी कर निम्न स्तर की राजनीति में लगे हुए है। वहीं इस मौके पर विजय पाल सिंह ने पूर्व सीएम व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को घेरते हुए कहा कि पूर्व में डबल इंजन सरकार का आलाप लगाने वाले जयराम ठाकुर प्रदेश के लिए कुछ भी नहीं कर पाए हैं। इनता ही नहीं मंडी उनकी है का नारा लगाने वाले जयराम ठाकुर मंडी में अपना एक भी प्रोजेक्ट पूरा नहीं कर पाए हैं।
वहीं विजय पाल सिंह ने कहा कि हिमाचल के भाजपा नेताओं सहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अन्य राज्यों में चुनावों के समय प्रदेश सरकार को झूठा बदनाम करने में लगे हुए हैं। भाजपा नेताओं और पीएम मोदी की इन झूठी बातों से यहां पर पर्यटन तो प्रभावित हो ही रहा है और आने वाले समय में हिमाचल को कोई निवेशक भी नहीं मिलेगा। उन्होंने भाजपा नेताओं को छल-बल और झूठ की राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश हित में कार्य करने की नसीहत दी है।
