बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव बंबर ठाकुर ने भाजपा विधायक त्रिलोक जमवाल पर आरोप लगाया है कि उन्होंने सत्ता में आते ही नशे का कारोबार करने वालों को खुल कर सरंक्षण दिया हुआ़ है ।वहीं विकास कार्यों को लेकर उन्होंने जनता को गुमराह किया है ।
बरमाणा की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए बंबर ठाकुर ने कहा कि आज दिन तक विधायक ने इस क्षेत्र की सुध तक नहीं ली और न ही कभी जनसमस्याएं सुनने के लिए गए। यहां तक कि विधायक निधि से भी एक धेला तक नहीं दिया। जबकि कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद बरमाणा क्षेत्र की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया गया है। लगभग डेढ़ से दो करोड़ रूपए की लागत से बरमाणा पंचायत में पानी की समस्या का स्थायी हल निकाला गया है। उन्होंने बताया कि हाल ही में बरमाणा पंचायत की प्रधान पूजा देवी और ग्रामीणों के साथ मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री से मुलाकात कर पानी का मसला उठाया था, जिस पर उस ओर से तत्काल बजट का प्रावधान कर काम शुरू करवाया गया है। उन्होंने बताया कि पंचायत में गांव वार ओवरहैड टैंक बनेंगे जहां से लोगों को पीने के पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। खतेड़, लघट और पंचायत घर बरमाणा के पास तथा गुग्गा मंदिर के पास ओवरहैड टैंक निर्मित किए जाएंगे और प्रत्येक ओवरहैड टैंक के साथ ही 8 इंच का बिग बोर कर पानी टैंक में पहुंचाया जाएगा। पानी की पाईपलाईन बिछाने को लेकर भी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
बंबर ठाकुर के अनुसार भाजपा विधायक ने तो आज तक सदर से संबंधित कोई भी मसला विधानसभा में नहीं उठाया जबकि प्रदेश में भांग की खेती को मेडिसीनल प्लांट के तौर पर शुरू करने की बात जरूर सदन में रखी। इससे जाहिर है कि वे नशे को बढ़ावा देने के प्रति कितने गंभीर हैं जबकि जनसमस्याओं व विकास कार्य करवाने के प्रति उनका नजरिया ठीक प्रतीत नहीं होता
