अनिल कुमार, किन्नौर: जिला किन्नौर के टापरी छोलतू के जे.एस. डब्लू. प्रांगण में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय यूथ बॉक्सिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को किया गया। परियोजना प्रमुख कौशिक मौलिक ने इस प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता का आयोजन किन्नौर जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन एवं जे. एस.डब्ल्यू हाइड्रो एनर्जी की ओर से संयुक्त रूप से किया जा रहा हैं। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से लगभग 154 लड़के व लड़कियां आज से अलग-अलग भार वर्ग में मुक्केबाज में अपना दमखम दिखाएंगे।
इस प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले लड़कों का चयन 12 से 18 जून, 2023 को सिक्किम में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय यूथ बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए व लड़कियों का चयन 26 जून से 02 जुलाई, 2023 को भोपाल में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय यूथ बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए होगा। इसके लिए सभी खिलाड़ी कड़ी मश्क्कत भी कर रहे हैं और तपती गर्मी में अपने पंच से राष्ट्रीय बॉक्सिंग खेल प्रतियोगिता का मार्ग तैयार करने मे जुटे हुए हैं।
वहीं इस खेल प्रतियोगिता का समापन 19 मई 2023 को होगा जिसमें डीसी किन्नौर तोरुल एस रवीश बतौर मुख्यातिथि के रूप में मौजूद रहेंगीं। वह प्रतियोगिता मे भाग लेने वाले खिलाड़ियों के साथ विजेता खिलाड़ियों को भी सम्मानित करेंगी जिसके बाद विजेता खिलाडी राष्ट्रीय स्तरीय बॉक्सिंग खेल प्रतियोगिता मे भाग लेंगे।
