बिलासपुर/सुभाष ठाकुर- भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं नयनादेवी से विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि एसीसी और अंबूजा सीमेंट फैक्टरियों पर की गई तालाबंदी के बाद उपजी स्थिति अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि इस स्थिति के लिए जहां कंपनी मालिकों का तानाशाहीपूर्ण रवैया दोषी है तो वहीं, वर्तमान कांग्रेस सरकार की विफलता भी दोषी है। इतिहास में ऐसा पहली बार देखने को मिला है कि एकसाथ एक ही समय पर दो सीमेंट फैक्टरियों को बंद कर दिया गया। इस स्थिति से निपटने में सरकार पूरी तरह से विफल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मामले में हस्तक्षेप कर इस विकट समस्या को जल्द से जल्द सुलझाने का आग्रह किया है और साथ ही चेतावनी भी दी है कि यदि अगले दो से तीन दिनो में यह समस्या नहीं सुलझती है तो भाजपा ट्रांस्पोर्टरों व आमजनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर एक बड़ा जनांदोलन खड़ा करेगी।
शुक्रवार को यहां बिजली बोर्ड के विश्रामगृह में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में रणधीर शर्मा ने कहा कि इन दोनों ही सीमेंट फैक्टरियों से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष तौर पर हजारों लोगों को रोजगार मिला है लेकिन कंपनियों के इस कदम से हजारों लोग बेरोजगार हो गए। यही नहीं, सीमेंट कंपनियों में कार्यरत रेगुलर व कांट्रेक्ट कर्मियों के अलावा मजदूरों की नौकरी पर भी तलवार लटक गई है।
