ऊना/राकेश -:हरोली विधानसभा क्षेत्र में कथित तौर पर बढ़ते नशे के कारोबार और नशे के कारण युवाओं की हो रही मौतों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाजपा नेता प्रोफेसर राम कुमार शर्मा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हरोली में रोष प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।भाजपा कार्यकर्ताओं ने रोष मार्च की शुरुआत हरोली बस स्टैंड से की। हाथों में तख्तियां और नारे लगाते हुए कार्यकर्ता बाजार से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान भाजपा नेताओं ने क्षेत्र में कथित रूप से बढ़ रहे चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार पर चिंता जताई। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
मीडिया से बातचीत में भाजपा नेता प्रोफेसर राम कुमार शर्मा ने आरोप लगाया कि वह लंबे समय से हरोली क्षेत्र में नशे के बढ़ते मामलों को लेकर आवाज उठाते रहे हैं।उन्होंने कहा कि इसके बावजूद कांग्रेस के नेताओं की ओर से क्षेत्र में नशे की समस्या नहीं होने की बात कही जाती रही है। भाजपा नेता का आरोप है कि जमीनी हकीकत इससे अलग है और क्षेत्र में चिट्टे का कारोबार लगातार चिंता का विषय बना हुआ है।प्रोफेसर राम कुमार शर्मा ने कहा कि नशे की चपेट में आने से बड़ी संख्या में युवा प्रभावित हो रहे हैं।उन्होंने दावा किया कि नशे के कारण कई परिवारों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कुछ मामलों में युवाओं की जान भी जा रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि समस्या को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित रखने के बजाय इसके खिलाफ ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं।भाजपा नेता ने नशा माफिया पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नशे का अवैध कारोबार करने वालों में कानून का डर पैदा करना जरूरी है। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के बाद भाजपा नेताओं ने हरोली एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र में कथित रूप से सक्रिय नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, नशे की सप्लाई पर रोक और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रभावी अभियान चलाने की मांग की गई।भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो पार्टी आंदोलन को और व्यापक करेगी। नेताओं ने कहा कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए नशे के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई जरूरी है।

