बिलासपुर, सुभाष -:ग्राम पंचायत कलर में चोरों ने एक किराना दुकान में सेंध लगाकर हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोरी की इस वारदात में गैस सिलेंडर, चीनी की बोरी, चॉकलेट, खाने के तेल की बोतलें और अन्य किराने का सामान शामिल है। दुकानदार के अनुसार चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना के सामने आने के बाद इलाके में लोगों के बीच चिंता का माहौल है।ग्राम पंचायत कलर के प्रधान दीपक ठाकुर ने बताया कि चोरी की घटना बीती रात की है। सुबह जब दुकान खोली गई तो सामान बिखरा हुआ मिला और कई जरूरी वस्तुएं गायब थीं। इसके बाद घटना की सूचना संबंधित पुलिस को दी गई।
प्रधान के मुताबिक, क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।पिछले पांच-छह महीनों के दौरान पांच से अधिक चोरी की वारदातें सामने आ चुकी हैं।उनका कहना है कि पहले हुई कई चोरियों के मामलों में भी अब तक आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया है, जिससे ग्रामीणों में पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण दुकानदारों और ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।ग्रामीणों ने पुलिस से मौजूदा मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द आरोपियों तक पहुंचने और चोरी का सामान बरामद करने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में लगातार हो रही वारदातों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है।
