अरविंदर सिंह,हमीरपुर: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चुनाव में कांग्रेस पार्टी की ओर से ओपीएस बहाल करने का जो वायदा किया गया था उसे पूरा कर दिया हैं। प्रदेश भर में कर्मचारी इस फैसले से खुश है और खुशी का उत्सव मना रहे हैं, लेकिन भाजपा के नेता जो अब बंद कमरों में सिमट कर रह गए हैं उन्हें सरकार का ओपीएस बहाल करने का फैसला पच नहीं रहा है और यही वजह है कि वह इस मुद्दे को लेकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। यह बात मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने यहां मीडिया से रूबरू होते हुए कही। हमीरपुर में अपने निवास स्थान पर पहुंचे सुनील शर्मा से विभिन्न प्रतिनिधि मंडलों ने शनिवार को मुलाकात की।
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार ने सालों से चले आ रहे मुद्दे को हल कर दिया हैं। भाजपा ने इसे लेकर सिर्फ कर्मचारियों को हमेशा गुमराह करने का ही काम किया और वे इसे कर्मचारियों के लिए बहाल नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार को बने हुए 1 महीने का समय हुआ है और इस समय अवधि में मुख्यमंत्री ने जनहित में कई बड़े फैसले लिए हैं जिसे आम आदमी खुश है ।
भाजपा की ओर से मंत्रिमंडल में असंतुलन के बयान पर पलटवार करते हुए सुनील शर्मा ने कहा कि भाजपा के जो लोग मंत्रिमंडल के गठन को लेकर बातें कर रहे हैं वह अपनी मानसिकता को दर्शा रहे हैं। प्रदेश की कैबिनेट पूरी तरह से संतुलित और एकजुट हैं।सभी लोगों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई है प्रदेश में सबको साथ लेकर विकास किया जाएगा ।
वहीं प्रदेश में महिलाओं को 15 सौ, बेरोजगारों को रोजगार देने पर भाजपा की ओर से की जा रही टिप्पणियों पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा यही कहती रही ओल्ड पेंशन स्कीम के लिए पैसा नहीं है लेकिन इसे कांग्रेस सरकार ने कर दिखाया हैं। महिलाओं को पंद्रह सौ देने का जो वायदा किया गया है उसकी और भी सरकार ने कदम बढ़ाना शुरू कर दिया हैं। भाजपा सरकार हजारों करोड रुपए का कर्ज छोड़कर गई है लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार प्रदेश की आर्थिक स्थिति को पटरी पर लाने के लिए हर संभव कदम उठाएगी ।
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कार्यप्रणाली को नहीं जानते हैं इसीलिए वह इस तरह की बातें कर रहे हैं सुखविंदर सिंह सुक्खू पूरे प्रदेश का एक समान विकास करवाने की सोच को लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
