सोलन/योगेश शर्मा: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अब कुछ ही दिन बाकी हैं। अब स्टार प्रचार तेज हो गया है। वहीं इस दौरान गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोलन जिले के अर्की विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। जैसे ही राजनाथ सिंह स्टेज पर पहुंचे तो उनका नेताओं ने भव्य स्वागत किया। उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि मैं किसी पार्टी को गाली देने के लिए हिमाचल नहीं आया हूं। आजतक मैंने कभी ऐसा नहीं किया। राजनीति में नेताओं का फैसला सिर्फ जनता करती है।
उन्होंने जयराम ठाकुर की पीठ थपथपाते हुए कहा कि वह नेक इंसान है। एक भी भ्रष्टाचार का आरोप जयराम पर नहीं लगा है। जब भी वे दिल्ली आते हैं तो हिमाचल के हर एक विकास मॉडल के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य बड़े नेताओं से बात करते हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल से आते हैं और हिमाचल का ही एक नौजवान आज देश में केंद्रीय खेल मंत्री है जो कि अनुराग ठाकुर है। ऐसे में भाजपा विकास के लिए वचनबद्ध है। भारत और अन्य देशों में मेरा जाना होता है, लेकिन उत्तराखंड और हिमाचल में आज भी देवी-देवताओं का वास है। वीरता यहां के कण-कण में है। राजनाथ ने जनसभा में कहा कि देश के दो प्रधानमंत्री का हिमाचल से अनोखा नाता रहा है। पहले अटल जी और दूसरे नरेंद्र मोदी का।
आज विरोधी ताकते नहीं कर सकती है भारत पर चोट
राजनाथ सिंह ने कहा कि आज दुनिया की कोई भी ताकत देश के मान सम्मान पर चोट नहीं कर सकती है। यह सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ही वर्चस्व है, जिन्होंने देश को एक मजबूती प्रदान की है। भाजपा ने आर्थिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भारत देश का विकास किया है। चाहे वह राम मंदिर के निर्माण की बात हो या फिर अन्य अफसरों को संभालने के बाद सेनाओं के सम्मान की बात हो, उसके लिए भी भाजपा ने काम किया है।
