राहुल चावला, कांगड़ा: इन विधानसभा चुनावों में जो मतदाता मतदान केंद्र पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने में असमर्थ है उन्हें घर से ही मतदान करने की सुविधा दी जा रही है। बैलेट पेपर के माध्यम से 12 d फार्म भर के मतदाता घर से ही अपने मतदान का प्रयोग कर सकते हैं। वहीं अगर बात जिला कांगड़ा की जाए तो यहां भी ,बहुत से मतदात ऐसे हैं जो मतदान केंद्र नहीं जा सकते हैं तो ऐसे लोगों ने घर से ही अपने मत का प्रयोग किया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कांगड़ा जिले में विधानसभा चुनाव के लिए घर से मत पत्र व पोस्टल बैलेट से मतदान की प्रक्रिया पहली नवंबर से आरंभ हो गई है। उन्होंने बताया कि पहली नवंबर को जिले में विशेष मोबाइल दस्तों ने 366 मतदाताओं के घर जाकर पूरी गोपनीयता के साथ मतदान प्रक्रिया पूर्ण करवाई है।
उन्होंने बताया कि जिले के कुल 7 हजार 19 मतदाताओं ने घर से मतदान का विकल्प चुना है। इनमें 80 वर्ष से अधिक आयु के 5 हजार 606 मतदाता और 1413 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं। इन सभी के मतदान के लिए निर्वाचन विभाग के 122 विशेष मोबाइल दस्ते बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि ये दस्ते 11 नवंबर तक जिले में इन मतदाताओं के घर-घर जाकर मतदान प्रक्रिया पूर्ण करवाएंगे।
7852 कर्मचारी चुनावी ड्यिूटी पर
डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि कांगड़ा जिले में 7852 कर्मचारी चुनावी ड्यिूटी पर रहेंगे। चुनाव कर्मियों के प्रशिक्षण एवं पूर्वाभ्यास को लेकर एक रिहर्सल की जा चुकी है। दूसरी रिहर्सल 4 और 5 नवंबर को कर्मचारियों के संबंधित कार्यक्षेत्र में संपन्न होगी। उनकी तीसरी और अंतिम रिहर्सल 9 नवंबर को चुनावी ड्यिूटी से संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में होगी, जिसके उपरांत पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी।
