संजु चौधरी, ऊना: ऊना में 3 फरवरी से 5 फरवरी तक आयोजित होने वाली भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने जायजा लिया। यह पहली बार हैं कि जिला ऊना के कार्यलय में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक करवाई जा रही हैं। ऐसे में यहां पहुंच कर उन्होंने सारी व्यवस्थाओं को जांचा।
उन्होंने बताया कि इस बैठक में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर , पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार का मार्गदर्शन प्राप्त होने जा रहा हैं।
उन्होंने बताया कि 3 फरवरी को भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक शाम 6 बजे होगी, 4 फरवरी को प्रदेश पदाधिकारी बैठक के उपरांत कार्यसमिति की बैठक प्रारंभ होगी जिस का समापन 5 फरवरी को होगा।
बैठक में कई संगठनात्मक विषयों के बारे में चर्चा होगी और केंद्र एवं प्रदेश की राजनीतिक परिस्थिति के बारे में भी विस्तृत रूप से चर्चा की जाएगी, भाजपा लोकसभा की तैयारियों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण निर्णय लेने जा रही हैं इन सभी विषयों को लेकर एक राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किया जाएगा। बैठक में डाटा प्रबंधन व बूथ सशक्तिकरण और लोक सभा प्रवास कार्यक्रमों पर भी विस्तृत रूप से चर्चा की जाएगी।
लोकसभा चुनावों का रोडमैप तैयार करेगी भाजपा
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार जिस प्रकार से बदला बदली की भावना से कार्य कर रही हैं। जब से कांग्रेस पार्टी सत्ता में आई हैं तब से प्रदेश में 619 कार्यालयों को बंद कर दिया गया। डीजल पर 3 रुपए वैट बढ़ाकर महंगाई का बोझ आम जनता पर डाला गया और खाने के तेल में भी बढ़ोतरी की गई। इन सभी विषयों को भी राजनीतिक प्रस्ताव में लाया जाएगा। कुल मिलाकर भाजपा आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर एक सुदृढ़ रोडमैप इस बैठक में तैयार करने जा रही हैं।
अनुशासनहीनता नहीं होगी बर्दास्त
बीते कल भाजपा की ओर से चार नेताओं को पार्टी से निष्कासित किया गया है जिस पर सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित राजनीतिक दल है और अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेती हैं। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में कल भाजपा ने चार नेताओं को पार्टी से निष्कासित भी किया है और अभी प्रत्येक स्तर पर समीक्षा चल रही है और आने वाले समय में और निष्कासन भी हो सकते हैं। यह विषय पार्टी के सामने आया कि पार्टी के कुछ नेताओं ने पार्टी उम्मीदवारों के खिलाफ 2022 विधानसभा चुनावों में काम किया था जिसको लेकर भाजपा ऐसे नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही हैं अगर किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता होगी तो भाजपा उसे बर्दाश्त नहीं करेगी।
