Shimla, Sanju (TSN)-हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विधि विभाग के सचिव, अधिवक्ता दीपक शर्मा सुंफा ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा देश की सेना और उनके शौर्य की सराहना करती है, वहीं दूसरी ओर उसके ही मंत्री ऐसे बयान दे रहे हैं जो न केवल सेना के मनोबल को ठेस पहुंचाते हैं, बल्कि देश की संप्रभुता और एकता पर भी आघात करते हैं।
मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह के एक विवादास्पद बयान को लेकर सुंफा ने कड़ी आपत्ति जताई और कहा कि भाजपा का यह दोहरा चरित्र देश की जनता के सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि जिस समय पूरा देश सेना की कार्रवाई को लेकर एकजुट है, उस समय भाजपा अपने राजनीतिक हित साधने के लिए तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन कर रही है, जबकि उन्हीं की पार्टी का एक मंत्री देश की वीर सैन्य अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करता है।उन्होंने जानकारी दी कि इस मामले में मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए हैं और सुप्रीम कोर्ट ने भी मंत्री को कोई राहत नहीं दी है।
दीपक सुंफा ने कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी न केवल एक समर्पित सेना अधिकारी हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाली बहादुर बेटी भी हैं। भाजपा द्वारा उनके खिलाफ की गई टिप्पणी निंदनीय है और पार्टी नेतृत्व अब ऐसे मंत्री को बचाने के रास्ते खोज रहा है।उन्होंने कहा कि देश की जनता भाजपा के इस दोहरे रवैये को कभी माफ नहीं करेगी और इसका जवाब चुनावों में जरूर देगी।
