Una, Rakesh (TSN)-जिला ऊना में नए एसपी अमित यादव ने आज अपना कार्यभार संभाल लिया है। यह उनकी ऊना में बतौर एसपी पहली नियुक्ति है। कार्यभार संभालने के पहले ही दिन उन्होंने मीडिया से बातचीत की और जिले की प्रमुख समस्याओं पर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।
एसपी यादव ने कहा कि ऊना जिला पंजाब की सीमा से सटा हुआ है, जहां अवैध माइनिंग, ड्रग्स और गैंगस्टर गतिविधियां एक चुनौती हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि इन सभी गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने साफ किया कि अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा।उन्होंने यह भी कहा कि यदि आम जनता को किसी तरह की समस्या हो, तो वे बेझिझक पुलिस से संपर्क करें। उनके ऑफिस के दरवाजे हमेशा जनता के लिए खुले हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने अधिकारों को जानें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
