शिमला:चन्द्रिका (TSN)-शिमला के इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर में अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के उपलक्ष पर बॉक्सिंग एवं ताईक्वांडो खेलों की ट्रेनिंग,स्पारिंग एवं अन्य खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया.जिसमें लगभग 100 खिलाड़ियों ने भाग लिया।हिमाचल प्रदेश ओलंपिक एसोसियेशन के महासचिव राजेश भण्डारी ने बताया कि हर साल 23 जून को मनाया जाने वाला अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस दुनिया भर के खेल प्रेमियों के दिलों में एक विशेष स्थान रखता है। यह महत्वपूर्ण अवसर 1894 में अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) की स्थापना की याद दिलाता है और खेल की एकीकृत शक्ति की याद दिलाता है।
हिमाचल ओलंपिक एसोसियेशन के सदस्य एवं प्रदेश के एक मात्र ताईक्वांडो खेल में सातवीं डान ब्लैक बैल्ट हासिल कर चुके विनोद कुमार भी इस दौरान उपस्थित रहे.वहीं बॉक्सिंग और ताईक्वांडो खेल के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों सहित कोच भी मौजूद रहे और राजेश भण्डारी एवं विनोद कुमार ने सभी खिलाड़ियों को अपने अपने खेल के तकनीकी वक्तव्य से अवगत करवाया। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन ने अपनी सभी खेल इकाइयों व खेल एसोसियेशन को इस दिन अपने अपने स्तर पर खेल से संबंधित गतिविधियां आयोजित करने के लिए पूर्व में ही निर्देशित कर दिया था। इसी कड़ी में जूडो खेल की गतिविधियां भी आयोजित करवाई गई।इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश ओलंपिक एसोसियेशन के अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर, कोषाध्यक्ष तेज प्रकाश चोपड़ा और संयुक्त सचिव रमेश चौहान ने प्रदेश में सभी खेलों के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर शुभकामनाएं दी।
