मंडी : धर्मवीर – पधर उपमंडल की ग्राम पंचायत बरधान के बोचिंग गांव निवासी 22 वर्षीय कृष्ण के माता-पिता अपने बेटे के ईलाज के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हो गए हैं। कृष्ण सिंह पुत्र जगदीश चंद 1 जनवरी 2023 को एक हादसे में बूरी तरह से जल गया था। उसके बाद से ही कृष्ण लगातार उपचाराधीन है। कभी इसे पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती किया जाता है तो कभी जोगिंद्रनगर अस्पताल भेज दिया जाता है।
पीजीआई में चल रहा है उपचार, काट दिए गए हैं दोनों हाथ
कृष्ण की माता रूमला देवी ने बताया कि अभी तक उनके बेटे के 5 आप्रेशन हो चुके हैं और दोनों हाथ काट दिए गए हैं। परिवार बीपीएल श्रेणी में आता है और अभी तक उपचार के लिए 7 से 8 लाख रूपए खर्च कर चुका है। पीजीआई में डाक्टरों ने इन्हें बताया कि अभी उनके बेटे का उपचार काफी लंबा चलेगा और यदि हाथ लगाना होगा तो उसपर 9 लाख का खर्च आएगा। ऐसे में इस परिवार ने लोगों से मदद की गुहार लगाई है।
रूमला देवी के पास राज्य सरकार की तरफ से निशुल्क उपचार के लिए बनाया गया हिमकेयर कार्ड तो है लेकिन पीजीआई में उससे कोई मदद नहीं मिल रही है। रूमला ने बताया कि उन्हें यही कहा जा रहा है कि पहले खुद खर्चा करो और बाद में सरकार भुगतान कर देगी। जबकि अभी तक भुगतान के नाम पर फूटी कौड़ी भी नसीब नहीं हुई है। इन्होंने राज्य सरकार से भी मदद की गुहार लगाई है। वहीं जब इस बारे में उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मीडिया के माध्यम से यह केस उनके पास पहुंचा है। कृष्ण कुमार की माता रूमला देवी से संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कहा की प्रशासन की ओर से कृष्ण कुमार की हर संभव सहायता की जाएगी।
दानी सज्जन इस तरह से कर सकते हैं मदद:
यदि कोई व्यक्ति इस परिवार की मदद करना चाहता है तो वो निम्नलिखित बैंक अकाउंट में या फिर गूगल पे नंबर पर आर्थिक सहायता भेज सकता है।
Bank Account Number – 2996000100049301
IFSC Code – PUNB0299600
Google Pay Number – 9816555917
