मंडी : परी शर्मा – मंडी जिला में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, वहीं एक गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल जोनल अस्पताल मंडी में उपचाराधीन है।
जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 10 बजकर 45 मिनट पर पुल घराट में एक टिप्पर पुल की रेलिंग को तोड़ता हुआ सुकेती खड्ड में जा गिरा। टिपर में 2 लोग सवार थे, जिनमें से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना की टीम ने मौके पर पहुंचकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से घायल को जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 24 वर्षीय आशीष, निवासी पुल घराट के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल 27 वर्षीय अशोक कुमार, गांव चढियारा, डाकघर गुटकर, तहसील सदर का रहने वाला है।
एडिशनल एएसपी ने की घटना की पुष्टि
एडिशनल एएसपी मनमोहन सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होने बताया कि ट्रक चालक सामन को अनलोडत् कर पार्किग के लिए ले जा रहा था उसी दौरान यह हादसा हुआ है।
