सोलन : योगेश शर्मा- लोकसभा चुनाव को लेकर अब सभी राजनीतिक दल कमर कसने लगे हैं। इसको लेकर जहां भाजपा बूथ स्तर पर अपने कार्यकर्ताओं को तैयार कर रही है , वहीं अब कांग्रेस ने भी इसको लेकर युवाओं और महिलाओं को जोड़ने का अभियान शुरू कर दिया है,ताकि कांग्रेस अपनी पार्टी में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित कर सके और उन्हें लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए भी तैयार कर सके।
सोलन में वीरवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवकुमार ने कहा कि लोकसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए 24 – 26 फरवरी तक रायपुर छतीसगढ़ में कांग्रेस का महाअधिवेशन हुआ है। जिसमे ये निकलकर आया है कि कैसे कांग्रेस को मजबूत किया जाए। इसके लिए कांग्रेस हाईकमान ने कार्यकर्ताओं से सुझाव भी मांगे है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि अब एक अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी हर प्रदेश हर जिले में युवाओं और महिलाओं को जोड़ने के कार्य करने जा रही है। जिसमे युवाओं और महिलाओं को जहां कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से जोड़ा जाएगा, वहीं बेहतर कार्यकर्ताओं को भविष्य में टिकट को लेकर भी आगे किया जाएगा,क्योंकि अधिवेशन में भी इस पर चर्चा की गई है कि युवाओं और महिलाओं को आगे लाकर कांग्रेस पार्टी को मजबूत किया जाए। ताकि घर घर तक कांग्रेस की विचारधारा पहुंच सके।
शिवकुमार ने कहा कि लोकसभा चुनाव आने वाले है और प्रदेश में कांग्रेस पूरी तरह से मजबूत है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेनी शुरू कर दी है और इसको लेकर समय समय पर अभियान भी चलाए जा रहे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बार लोकसभा चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए चारों सीटों पर कब्जा करने वाली है।
