बिलासपुर (सुभाष ठाकुर): लंपी स्किन बीमारी अब नियंत्रण में हैं। पशु पालकों को अब घबराने की आवश्यकता नहीं है। प्रदेश भर में इस बीमारी को रोकने के लिए जहां टीमों का गठन किया गया है। वहीं, वैक्सीनेशन अभियान चला हुआ है। सोमवार को लंपी स्किन बीमारी को लेकर केंद्रीय टीम बिलासपुर जिला के दौरे पर पहुंची। उन्होंने बिलासपुर में गांव बलोह के अलावा गेहड़वीं, झंडूता का दौरा किया। वहीं, कल मंगलवार को यह टीम ऊना जिला का दौरा करेगी। सीनियर वेटनरी पेथॉलाजिस्ट डा. विक्रम सिंह टीम की अगवाई कर रहे हैं।
हरियाणा राज्य के अलावा अन्य विशेषज्ञ इस टीम में शामिल हैं। इस दौरान डा. विक्रम सिंह ने कहा कि खासकर यह बीमारी गौवंश में ही फैली हुई है। इस बीमारी को रोकने को लेकर प्रदेश सरकार की ओर अधिकारियों, कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इस तरह की कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत उचित कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि यह बीमारी प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों में भी है। खासकर यह बीमारी मक्खी, मच्छर से ही फैल रही है। वहीं, पशु पालकों को भी जागरूक रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि खासकर इस तरह की भ्रांतिया देखने को मिली है कि इस बीमारी से ग्रसित पशु का दूध पीने लायक नहीं है। लेकिन अच्छी तरह से ऊबाल कर इस दूध को पीने में भी कोई नुकसान नहीं है। किसी तरह का कोई भी वायरस नहीं है। जिसके लिए सभी जागरूक रहने की आवश्यकता है।
