चंबा | जिले के डलहौजी में पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध शराब से भरे ट्रक को पकड़ा है। इस कार्रवाई के दौरान ट्रक के चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने ट्रक से 102 पेटी अवैध शराब बरामद की है।
यह छापेमारी रात करीब डेढ़ बजे खैरी पुल पर की गई, जहां पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना के आधार पर नाकाबंदी की गई और एक बख्तरबंद ट्रक से भारी मात्रा में शराब बरामद की गई। पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ट्रक से 49 पेटी देसी शराब (ऊना नंबर वन), 15 पेटी रॉयल स्टैग और 38 पेटी मैकडॉवेल की अंग्रेजी शराब जब्त की। चालक कार्तिक ठाकुर (30), जो कांगड़ा जिले के रजंहू गांव का निवासी है, को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी जगबीर ठाकुर ने बताया कि यह शराब चंबा से लाई जा रही थी और चोहड़ा क्षेत्र में पहुंचाई जानी थी। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
