कुल्लू | जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों द्वारा निर्दोष लोगों की हत्या के विरोध में कुल्लू में बुधवार को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार रोष रैली निकाली। इस दौरान पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और ढालपुर चौक में आतंकवाद का पुतला जलाया गया। रैली से पहले मारे गए लोगों की आत्मिक शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
जयराम ठाकुर ने दी कड़ी प्रतिक्रिया
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि यह कायरतापूर्ण घटना है और इस घटना में जो भी शामिल होगा, उसे कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस मुद्दे पर कार्रवाई करेगी और आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि 26 पर्यटकों की हत्या से पूरा देश आहत है और इस घटना के जिम्मेदारों को चैन की नींद सोने नहीं दिया जाएगा। उरी और पुलवामा हमलों के बाद जिस तरह एयर स्ट्राइक से जवाब दिया गया था, इस बार भी आतंकियों को उसी तरह मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
देश की सुरक्षा पर संजय टंडन की टिप्पणी
भा.ज.पा के सह प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि यह आतंकी हमला मानवता पर हमला है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर में पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली थी, जिससे आतंकी और उनके आका बौखलाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस हमले के बाद जम्मू कश्मीर में 12,000 पर्यटकों ने अपनी टिकटें रद्द कर दी हैं।
संजय टंडन ने आगे कहा कि इस समय हमें एकजुट होने की आवश्यकता है और पीड़ितों के परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए। इस मुद्दे पर किसी भी प्रकार की राजनीति नहीं होनी चाहिए। यह समय है जब हमें एक राष्ट्र के रूप में दुनिया को यह संदेश देना चाहिए कि भारत न झुकेगा, न रुकेगा और देश के दुश्मनों को समाप्त कर देगा।
