अरविंदर सिंह,हमीरपुर:राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर में रविवार को साइंस अध्यापक यूनियन के व्यवस्थित चुनाव संपन्न हुए। इन चुनावों में पूरे हिमाचल से 300 साइंस अध्यापकों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और आने वाले 3 वर्षों में संघ की क्या रूपरेखा रहेगी इस पर भी मंथन किया।
इसके बाद यूनियन के प्रधान पद के लिए चुनावी प्रक्रिया को भी पूरा किया गया। प्रधान पद के लिए ऊना से चंद्रकेश धीमान ओर जिला बिलासपुर से प्रधान पद के लिए अवनीश कुमार दौड़ में थे जिसका फैसला मतदान से हुआ ओर मतदान में चंद्रकेश धीमान को विजयी घोषित किया गया,जिन्होंने कुल 112 मत हासिल किए और अवनीश कुमार को 57 मत हासिल हुए।
इस प्रकार मतों के आधार पर चंद्रकेश धीमान को 3 वर्षों के लिए हिमाचल साइंस अध्यापक यूनियन का प्रधान चुना गया। जीत हासिल करने के बाद चंद्रकेश ने कहा कि संघ की मांगों को सरकार के समक्ष उठा कर उन्हें पूरा करवाना उनकी प्रमुख प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सभी अध्यापकों का उन्हें समर्थन देने के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि संघ एकजुटता के साथ अपनी मांगों को लेकर काम करेगा।
