कुल्लू : मनमिंन्द्र अरोड़ा – जिला कुल्लू में जहां नशा तस्करों पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। तो वहीं नशे की खेती को नष्ट करने का अभियान भी कुल्लू पुलिस ने जारी कर दिया है। जिला कुल्लू के विभिन्न दुर्गम इलाकों का पुलिस टीम इन दिनों दौरा कर रही है और खेतों मैं जो अफीम उगाई गई है। उसे भी नष्ट किया जा रहा है।
बंजार और सैंज थाना में हैं सबसे ज्यादा मामले
कुल्लू पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 6 माह के भीतर पुलिस टीम ने 2 लाख 85 हजार अफीम के पौधे नष्ट किए हैं। वही मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 18 के तहत आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। कुल्लू पुलिस की टीम ने विभिन्न इलाकों में 27 मामले दर्ज किए हैं। बंजार और सैंज थाना के तहत अभी तक सबसे ज्यादा मामले दर्ज हुए हैं और अब अफीम की खेती करने वालों पर पुलिस की कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला कुल्लू के दुर्गम इलाको में अफीम की खेती किसके द्वारा की गई है। इसका पता लगाने के लिए पुलिस ने राजस्व विभाग को पत्र लिखा है। ताकि मालिक का पता लगाया जा सके। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अफीम की खेती को नष्ट करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत जिला कुल्लू के दुर्गम इलाकों का पुलिस टीम दौरा कर रही है। ऐसे में जहां-जहां अफीम की खेती पाई जा रही है उसे नष्ट किया जा रहा है।
राजस्व विभाग की मदद से पकड़े जाएंगे आरोपी
जिला कुल्लू में अफीम की खेती करने वालों की पहचान के लिए भी पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। क्योंकि नशा तस्करों के द्वारा अधिकतर वन भूमि पर अफीम की खेती की जा रही है। हालांकि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ पुलिस के द्वारा मामला तो दर्ज कर लिया जा रहा है लेकिन राजस्व विभाग से जब तक निशानदेही नहीं हो जाती है। तब तक भूमि के मालिक का पता नहीं चल पाता है। ऐसे में अफीम की खेती के लिए तस्कर अब वन भूमि का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि वन विभाग के द्वारा भी समय-समय पर इलाके की गश्त की जाती है। लेकिन दुर्गम इलाकों में खाली पड़ी वन भूमि नशा तस्करों के निशाने पर है। जिला कुल्लू के थाना बंजार और सैंज में कई ऐसे मामले सामने आए हैं। जहां पर नशा तस्करों ने वन भूमि को अपना निशाना बनाया और यहां पर नशे की फसल उगा डाली। ऐसे में राजस्व विभाग की निशानदेही में जब भूमि वन विभाग की पाई गई। तो इसमें पुलिस भी आगामी कुछ ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है।
पुलिस ने भूमि निशानदेही के लिए राजस्व विभाग को लिखा पत्र
एसपी कुल्लू साक्षी वर्मा ने बताया कि जिला कुल्लू में अफीम की खेती को नष्ट किया जा रहा है और 6 माह में 2 लाख 85 हजार अफीम के पौधे नष्ट किए गए हैं। अभी तक 27 मामले दर्ज किए गए हैं। जिनमें कई लोगों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। ऐसे लोगों की पहचान करने के लिए राजस्व विभाग को पत्र लिखा गया है। ताकि जल्द से जल्द भूमि की निशानदेही हो सके। फिलहाल एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है।
