मंडी : धर्मवीर (TSN)- पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर वीरवार को अपने गृह विधानसभा सराज के एक दिवसीय दौरे पर मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने थाची में जनसभा को संबोधित किया और सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू पर जमकर बरसे।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने झूठ बोलकर प्रदेश में सरकार बनाई है और अब झूठ का ही सहारा लेकर आगे सरकार चलाना चाहती है। मुख्यमंत्री रोज मंचों पर जाकर यह झूठ बोल रहे है कि केंद्र सरकार ने आपदा के समय प्रदेश की कोई भी मदद नहीं की। लेकिन सच तो यह है कि केंद्र से मदद मिलने के बाद ही सीएम ने आपदा प्रभावितों को राहत देने की घोषणा की । जयराम ठाकुर ने सीएम सुक्खू को नसीहत देते हुए कहा कि देवभूमि हिमाचल में इतना झूठ भी मत बोलो कि ये धरती ही फट जाए। वहीं नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सता मे आने से पूर्व 5 लाख रोजगार देने की घोषणा की थी। लेकिन इस सरकार ने रोजगार देने की बजाय अपने 10 माह के कार्यकाल में 10 हजार युवाओं को रोजगार से निकाल दिया है।
सराज में 50 संस्थान बंद, कांग्रेसियों में हिम्मत है तो इन्हें खुलवा कर दिखाए
इस मौके पर जयराम ने सराज के कांग्रेसी नेताओं को भी आड़े हाथों लिया। जयराम ने कहा कि उनके क्षेत्र में प्रदेश सरकार ने 50 संस्थानों को बंद कर दिया है। यह संस्थान सराज क्षेत्र की जनता की मांग पर खोले गए थे और यह बाद कांग्रेसी नेता भी जानते हैं। बावजूद इसके बंद हुए इन संस्थानों को खुलवाने की हिम्मत सराज का कोई भी कांग्रेसी नेता नहीं कर पा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी कांग्रेसी नेता में हिम्मत है तो इन संस्थानों का खुलवाकर दिखाए।
