अरविंदर सिंह, हमीरपुर: सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन के दौरे पर पहुंचे। यहां गौना करोर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के चेयरमैन व कांग्रेस जिला अध्यक्ष कुलदीप पठानिया सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी व जिला प्रशासन मौजूद रहे।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान नादौन कांग्रेस व युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को हार पहना कर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शेरा विश्राम गृह में जन समस्याएं सुनी और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत हल किया जाए ।
हेलीपैड पर पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के कांग्रेस पार्टी को संविधान में विश्वास ना होने वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के इशारे पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की ऐसे मामले में सदस्यता रद्द की है जो कि मानहानि का केस हैं उन्होंने कहा कि मानहानि के मुद्दे में आज तक के इतिहास में यह सबसे बड़ी सजा हैं। उन्होंने कहा कि यह ऐसा मामला है जिसमें जिसके खिलाफ टिप्पणी की गई है वह खुद कोर्ट में नहीं गया था। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की लोकप्रियता से बौखला कर सरकार के इशारों से यह फैसला लिया गया हैं।
पूरी ताकत से नगर निगम चुनावों में उतरेगी कांग्रेस
शिमला नगर निगम के चुनावों में कांग्रेस पार्टी की तैयारियों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तो चुनाव की तिथियां ही घोषित हुई हैं और पार्टी जल्द ही अपने दृष्टिकोण के साथ पूरी ताकत के साथ इस चुनाव में उतरेगी।
