संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मुख्यमंत्री के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद प्रदेश विधानसभा का 22 दिसंबर से होने वाला शीतकालीन सत्र भी स्थगित कर दिया गया है। शीतकालीन सत्र स्थगित करने के साथ ही महत्वपूर्ण बैठकों को भी फिलहाल कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया गया हैं। मुख़्यमंत्री की आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात से पहले टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि मुख़्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कोरोना पॉजिटिव आए हैं। मुख्यमंत्री का आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट का कार्यक्रम था, लेकिन उससे पहले हुए कोरोना टेस्ट में वह पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री में संक्रमण के कोई लक्षण नहीं हैं और एहतियात के तौर पर उन्होंने खुद को क्वारंटीन कर लिया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सभी प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं,जिसके कारण 22 दिसंबर से होने वाले शीतकालीन सत्र व महत्वपूर्ण बैठकों को भी स्थगित किया गया हैं। इतना ही नहीं 21 दिसंबर को धर्मशाला में होने वाली आभार रैली में भी मुख्यमंत्री शामिल नहीं होंगें।
उन्होंने कहा कि 22 से 24 दिसंबर को निर्धारित सत्र स्थगित है अब नए निर्धारित समय पर सत्र का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि अभी मुख्यमंत्री दिल्ली में क्वारंटीन रहेंगे उसके बाद उनकी निर्धारित समय के बाद स्वास्थ्य जांच होगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रोटेम स्पीकर चंद्र कुमार की शपथ आज शाम 5:30 बजे निर्धारित समय पर ही होगी।
