विकास शर्मा,चिंतपूर्णी(TSN): विद्या भारती उत्तर क्षेत्र की एथलेटिक्स प्रतियोगिता श्री नारायण सर हितकारी विद्या मंदिर मानसा पंजाब में आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर चिंतपूर्णी की छात्रा वंशिका शर्मा ने तार गोला फेंक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया और अपना चयन अखिल भारतीय सत्र की प्रतियोगिता हेतु दर्ज करवाया।
वहीं हिमाचल शिक्षा समिति की ओर से आयोजित संस्कृत महोत्सव जो कि सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल विकास नगर शिमला में आयोजित किया गया उसमें सरस्वती विद्या मंदिर चिंतपूर्णी के विद्यार्थियों ने शिशु वर्ग संस्कृत प्रश्न मंच में प्रथम स्थान प्राप्त किया व बाल वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अध्यापकगण व बच्चों की ओर से विजेता विद्यार्थियों का विद्यालय पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया।
इस मौके पर प्रधानाचार्य अंकुश पंडित ने सभी विद्यार्थियों अभिभावकों और अध्यापकों को विद्यालय परिवार की तरफ से हार्दिक बधाई दी व आगामी प्रतियोगिता हेतु अनंत शुभकामनाएं दी। इसके साथ में उन्होंने कहा कि हमें प्रत्येक प्रतियोगिता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इससे हमारे सहयोग की भावना, अनुशासन और चरित्र निर्माण आदि गुणों का विकास होता हैं। इस मौके पर विद्यालय प्रबंधन समिति ने बच्चों के इस बेहतरीन प्रदर्शन से खुश होकर 11 अक्टूबर को विद्यालय में सभी बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था करने की घोषणा की।
